PM Modi Varanasi Visit Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर पहुंचे। पीएम मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में स्थित अरविंद मिल का उद्घाटन किया। इसके बाद नमो घाट पर एयर शो देखने के लिए रवाना हुए। पीएम के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज काशी के आसमान में विमानों की कलाबाजी देखेंगे।
समर्थकों को देख पीएम मोदी ने रुकवाई कार, बाहर निकलकर किया अभिवादन
एयर शो में शामिल होने के लिए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे। इस दौरान पुलिस लाइन से नमो घाट तक जगह-जगह लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। समर्थकों का उत्साह देख पीएम मोदी ने अपनी कार रुकवाई और बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन किया।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक दिखा प्रधानमंत्री के स्वागत का उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट होते हुए राजघाट पुल स्थित नमो घाट के लिए रवाना हुआ। काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर की चमचमाती सड़कें और जगह-जगह लगाए गए स्वागत मंच काशी की भव्यता और मेहमाननवाजी की झलक पेश कर रहे थे। सभी मार्गों पर प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
पीएम की एक झलक पाने को लोग बेताब
पीएम मोदी के नमो घाट पर आगमन को लेकर जहां पुलिस व प्रशासन की टीमें अलर्ट हैं। वहीं भाजपा के नेता व कार्यकर्ता स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। साथ ही काशीवासी पीएम की एक झलक पाने को बेताब हैं। बैरिकेडिंग के अंदर से ही लोग निगाह गड़ाए हुए हैं।
पीएम के आगमन से पहले खाली कराया गया रूट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट के लिए रवाना हुए हैं। उनके आगमन को लेकर नमो घाट की तरफ जाने वाले रास्ते को खाली करा दिया गया है। वहीं स्वागत के लिए डमरू वादन की टीम पहुंच चुकी है। सभी स्वागत स्पॉट पर भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद हैं।
पीएम मोदी ने करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी मिल का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का उद्घाटन किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में स्थापित इकाई में कपड़े तैयार किए जाएंगे। अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे उत्पादों के उत्पादन के साथ निर्यात की भी योजना है।
वीवीआईपी आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है और यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। चौकाघाट चौराहे से गोलगड्डा और राजघाट तक ऑटो व ई-रिक्शा प्रतिबंधित किए गए हैं। सूजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट की तरफ ऑटो व ई-रिक्शा व दो-पहिया वाहन बंद किए गए हैं। राजघाट पुल और सूजाबाद की तरफ से सुबह सात बजे से सभी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद किया गया है।
एयर शो के चलते विमानों का संचालन बंद
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर शो के चलते रविवार यानी आज भी चार घंटे तक विमानों का संचालन बंद किया गया है। सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक किसी भी विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं है। एयर शो का आज अंतिम दिन है। इसके लिए 21 से 25 अक्तूबर तक नोटिस टू एयरमिशन (नोटम) जारी किया गया है। इसके चलते सामान्य उड़ानों के संचालन पर असर पड़ रहा है।
एयर शो देखने के लिए काशीवासियों में उत्साह
वाराणसी में एयर शो का तीसरा दिन आज है। नमो घाट पर आज पीएम मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज एयर शो देखेंगे। वहीं नमो घाट के अलावा आसपास के घाटों पर भी भारी संख्या में लोग एयर शो देखने के लिए पहुंच रहे हैं। भोसले घाट पर भी काफी भीड़ देखने को मिली।
नमो घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एयर शो के दौरान जल, थल और नभ से पीएम मोदी की निगहबानी होगी। नमो घाट समेत अन्य आसपास के घाटों पर गंगा में पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर तैनात होंगे। सेना के हेलिकॉप्टर से भी नजर रखी जाएगी।
पीएम का पल-पल इंतजार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नमो घाट पर पल-पल इंतजार हो रहा है। डमरू वादन के लिए टीम पहुंच चुकी है। सभी स्वागत स्पॉट पर भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद हैं। नमो घाट पर सुरक्षा तगड़ी है। पीएम पांच स्तरीय सुरक्षा में घेरे में होंगे।
Like this:
Like Loading...