संकट की ढाल IAF: राम मंदिर ट्रस्ट को मिले पहले CEO
संकट का दूसरा नाम भारतीय वायुसेना: युद्ध के मैदान से लेकर नीट पेपर डिलीवरी और राम मंदिर ट्रस्ट तक, जब-जब जरूरत पड़ी IAF बनी देश की ढाल
नई दिल्ली: देश में जब भी कोई बड़ा संकट या प्रशासनिक चुनौती आई है, भारतीय वायुसेना (IAF) हमेशा देश की सबसे मजबूत ढाल बनकर उभरी है। चाहे सीमा पार दुश्मनों को सबक सिखाना हो या फिर देश के भीतर किसी आपातकालीन स्थिति को संभालना, वायुसेना ने हर बार अपनी सटीकता, अनुशासन और विश्वसनीयता का लोहा मनवाया है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर नीट परीक्षा के गोपनीय पत्रों की सुरक्षित डिलीवरी तक दुश्मन देशों को उनकी सीमा में घुसकर जवाब देने में भारतीय वायुसेना का कोई सानी नहीं है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को चारों खाने चित करने से लेकर विभिन्न मौकों पर की गई एयरस्ट्राइक तक, वायुसेना ने भारत की सामरिक शक्ति का डंका पूरी दुनिया में बजाया है।
लेकिन वायुसेना की भूमिका सिर्फ युद्ध के मैदान तक सीमित नहीं रही है। जब देश में नीट (NEET) परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्रों को सुरक्षित और बिना किसी गड़बड़ी के देशभर के परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाने की गंभीर प्रशासनिक चुनौती सामने आई, तब भी सरकार ने भारतीय वायुसेना के अनुशासित नेटवर्क पर ही भरोसा जताया। वायुसेना के समयबद्ध और सुरक्षित संचालन की बदौलत ही गोपनीय प्रश्नपत्रों की सुरक्षित डिलीवरी संभव हो सकी।
राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिला पहला CEO: रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मिली जिम्मेदारी हाल ही में राम मंदिर परिसर में चढ़ावे और व्यवस्थाओं से जुड़ी चुनौतियों के सामने आने के बाद, एक बार फिर समाधान के लिए रुख भारतीय वायुसेना के एक अनुभवी जांबाज की ओर ही मुड़ा है। भारतीय वायुसेना में 43 वर्षों से अधिक समय तक अपनी बेदाग और अनुशासित सेवाएं दे चुके रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता, सुरक्षा और प्रबंधन को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि वायुसेना के शीर्ष स्तर पर काम करने का उनका लंबा अनुभव राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन को एक नई ऊँचाई और मजबूती प्रदान करेगा
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

