लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर अमेरिका से गिरफ्तार,
वाशिंगटन: गैंगेस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका से हिरासत में लिया गया, फिर गिरफ्तार किया गया है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग को अमेरिका में बैठकर ऑपरेट कर रहा था।
हैरी ने ही रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी
हैरी बॉक्सर वही गैंगेस्टर है, जिसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। हैरी बॉक्सर ने ही रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए बॉलीवुड के लोगों को धमकी दी थी। हैरी पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या, धमकी देकर रंगदारी वसूल करने के कई मामले हैं।
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर, जिसका असली नाम हरिचंद जाट है, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक्टिव गुर्गा है। ये मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है।
जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, इसी वजह से उसे बॉक्सर नाम मिला। शुरुआत में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में आ गया।
हैरी पर हत्या, हत्या की कोशिश, मारपीट, फायरिंग और कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी मांगने जैसे कई मामले दर्ज हैं। ये विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का रंगदारी नेटवर्क चलाने में अहम भूमिका निभाता है। इसका नाम दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई आपराधिक मामलों में सामने आया है।
कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग और बॉलीवुड हस्तियों रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह व तुषार कपूर को धमकी देने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, हरियाणा एसटीएफ के इनपुट पर देर रात कैलिफोर्निया में अमेरिका की एजेंसियों द्वारा इसको हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है, जल्द ही भारतीय एजेंसियां कानूनी प्रक्रिया को फॉलो कर नोडल एजेंसी सीबीआई की मदद लेकर इसको भारत लाएंगी।
