GST चोरी: करोड़ों का फर्जीवाड़ा पकड़ में
GST Scam: करोड़ों का चूना लगाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार
नोएडा/गौतमबुद्ध नगर: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जीएसटी चोरी के एक बहुत बड़े खेल का खुलासा किया है । फर्जी फर्में बनाकर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का चूना लगाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को एसटीएफ ने नोएडा और बिहार के वैशाली से गिरफ्तार किया है । यह गिरोह कूटरचित इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए असली फर्मों को अवैध ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (ITC) बेच रहा था ।
कोचिंग की आड़ में सिखाया ‘टैक्स चोरी’ का हुनर
एसटीएफ की पूछताछ में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है । गिरोह का मुख्य सरगना बिंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय गाजियाबाद में ‘हिंदुस्तान कोचिंग सेंटर’ चलाता था ।
-
वह छात्रों को अकाउंटेंसी, टैली और जीएसटी रिटर्न भरने की ट्रेनिंग देता था ।
-
ट्रेनिंग के बाद वह अपने होनहार छात्रों को ही फर्जी फर्में बनाने और बोगस इनवॉइस काटने के धंधे में शामिल कर लेता था ।
-
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपांशू और जयकिशन भी इसी कोचिंग के छात्र रह चुके हैं ।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तारी 13 दिसंबर 2025 को नोएडा और बिहार में की गई:
-
बिंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय (मास्टरमाइंड) – सुल्तानपुर ।
-
बबलू कुमार – गोपालगंज, बिहार ।
-
प्रिंस पाण्डेय – गोपालगंज, बिहार ।
-
दीपांशू शर्मा – छपरा, बिहार ।
-
जयकिशन – वैशाली, बिहार (बिहार से गिरफ्तार) ।
कैसे होता था करोड़ों का फर्जीवाड़ा?
यह गिरोह तकनीक का इस्तेमाल कर बेहद शातिराना तरीके से काम करता था:
-
बोगस फर्में: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दर्जनों बोगस फर्में रजिस्टर्ड की गई थीं ।
-
फर्जी ई-वे बिल: बिना किसी माल की खरीद-बिक्री के ही पोर्टल पर फर्जी सेल्स इनवॉइस और ई-वे बिल अपलोड कर दिए जाते थे ।
-
50 से ज्यादा ईमेल आईडी: अभियुक्तों के मोबाइल से 50 से अधिक ईमेल आईडी मिली हैं, जिनका उपयोग ओटीपी प्राप्त करने और बैंक ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता था ।
-
सर्कुलर ट्रेडिंग: असली फर्मों के साथ बैंक ट्रांजेक्शन दिखाकर पैसों का लेनदेन कागजों पर ‘वास्तविक’ बनाया जाता था, जबकि असल में कोई व्यापार नहीं होता था ।
बरामदगी और पुलिस की कार्रवाई
एसटीएफ ने इनके कब्जे से 04 लैपटॉप, 09 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है । मोबाइल में मौजूद डेटा के शुरुआती विश्लेषण से पता चला है कि यह घोटाला करोड़ों रुपये का है । कानपुर और बलरामपुर में दर्ज मुकदमों के आधार पर एसटीएफ ने इन जालसाजों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है ।
खबरें और भी:-

