बिहार: सम्राट चौधरी ने किया मेला शुरू
बिहार: सुल्तानगंज में श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ; सीएम सम्राट चौधरी ने किया अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट और रोप-वे का बड़ा ऐलान
रिपोर्ट: नरेश अग्रवाल (संवाददाता)
बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर तक करोड़ों श्रद्धालुओं की ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ पदयात्रा पूरे विश्व में सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है।
सुल्तानगंज और भागलपुर क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं
सुल्तानगंज-देवघर कॉरिडोर को धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई बड़ी सौगातों का ऐलान किया:
-
अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट: सुल्तानगंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा।
-
अजगैबीनाथ रोप-वे: अजगैबीनाथ मंदिर से अगुवानी घाट तक आधुनिक रोप-वे का निर्माण होगा।
-
गंगा पथ (मरीन ड्राइव): भागलपुर से मुंगेर तक 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ विकसित किया जाएगा।
-
अगुवानी-सुल्तानगंज पुल: अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2027 से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।
-
फोरलेन व रेललाइन: सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क और नई रेललाइन परियोजना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
-
हरिद्वार की तर्ज पर विकास: अजगैबीनाथ धाम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें डॉल्फिन पर्यटन और गंगा पार्क शामिल हैं।
औद्योगिक विकास, शिक्षा और 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य
क्षेत्रीय विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नाथनगर में ‘विक्रमशिला टाउनशिप’ और बरियारपुर-मुंगेर में ‘अंग टाउनशिप’ विकसित की जाएगी। इसके अलावा गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनने से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
-
शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाएं: राज्य के 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज और 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहाँ NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन शिक्षकों की व्यवस्था की गई है।
-
रोजगार का लक्ष्य: राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य आगामी 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार प्रदान करना है।
‘श्रावणी मेला ऐप’ और सेवा शिविर का लोकार्पण
कांवरियों और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘श्रावणी मेला ऐप’ और पर्यटन विभाग की सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। इस ऐप के जरिए श्रद्धालु यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य केंद्र, जलपान और सुरक्षा से जुड़ी तमाम जानकारियां मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे पूर्व सीएम ने कांवरिया पथ पर बने सेवा शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस भव्य उद्घाटन समारोह में राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, सांसद श्री अजय मंडल, सांसद श्री गिरिधारी यादव सहित कई विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
(गोपाल चन्द्र अग्रवाल,)
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

