Bihar News:बक्सर सेंट्रल जेल की सुरक्षा में लगी सेंध, कांस्टेबल को दिनदहाड़े मारी गोली
सोनू मिश्रा,पटना(बिहार)
पटना: बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे किसी भी बड़ी वारदात को आसानी से अंजाम दे रहे हैं। बताते चलें कि अपराधियों ने बिहार के बक्सर सेंट्रल जेल पर हमला कर दहशत फैला दी। इसे जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। बुधवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने जेल पर अंधाधुध फायरिंग कर एक वॉच गार्ड को गोली मार दी। इसके बाद वे आराम से फरार हो गए। घायल गार्ड की स्थिति गंभीर है। विदित हो कि बक्सर जेल पर पहले भी हमला हो चुका है।
फायरिंग के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम अलर्ट हो गई। जेल गेट पर फायरिंग कर अपराधियों की क्या मंशा थी, इसका खुलासा अभी सामने नहीं आया है। घटना ने बक्सर जेल की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है।
घायल गार्ड की पहचान मनु सिंह के रूप में हुई है। वह मेन गेट पर रात्रि प्रहरी के रूप में ड्यूटी पर तैनात था। जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि अपराधियों द्वारा सुरक्षाकर्मी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई, जिसमें उसे गोली लग गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फायरिंग कर भाग निकले थे अपराधी
विदित हो कि बक्सर जेल पर यह पहला हमला नहीं है। इसी साल अप्रैल माह में बक्सर सेंट्रल जेल गेट के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। अपराधियों ने गंगा तट की तरफ जेल गेट पर सुरक्षा में तैनात जवानों को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाई थीं। उनका निशाना चूक जाने के कारण सुरक्षा बल के जवान बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा जवाबी कार्रवाई करने से पहले ही बाइक सवार अपराधी भाग निकले।
जेलर ने की घटना की पुष्टि
अप्रैल में हुई घटना की पुष्टि जेलर सतीश कुमार सिंह ने भी की थी। हालांकि, उन्होंने जेल पर हमले या जेल में घुसपैठ जैसी किसी घटना से इनकार किया था। यह भी कहा था कि हमले का मकसद जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन जांच में कुछ सामने नहीं आया। इसके बाद ताजा हमला हो गया।