बिहार: पेंशनधारियों के खाते में राशि
बिहार: CM सम्राट चौधरी ने 67,865 पेंशनधारियों के खाते में भेजे 7.87 करोड़ रुपये; बढ़ी हुई दर ₹1100 DBT से अंतरित
विशेष प्रादेशिक एवं कल्याणकारी योजना ब्यूरो: शेखपुरा (बिहार)
रिपोर्ट: उमेश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने बढ़ी हुई दर 1100 रुपये प्रति माह के हिसाब से पेंशन राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में डिजिटली ट्रांसफर की।
इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट शेखपुरा जिला अधिकारी श्री शेखर आनंद की गरिमामय उपस्थिति में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में आयोजित किया गया, जहाँ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और लाभुकों ने भाग लिया।
शेखपुरा जिले के 67,865 लाभुकों को मिले ₹7.87 करोड़
जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शेखपुरा जिले के कुल 67,865 लाभार्थियों के खाते में 7 करोड़ 87 लाख 9 हजार 400 रुपये की राशि सफलतापूर्वक अंतरित की गई है।
योजनावार राशि का विवरण इस प्रकार है:
-
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: 36,541 लाभुकों को ₹4.37 करोड़
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन: 16,232 लाभुकों को ₹1.79 करोड़
-
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन: 5,871 लाभुकों को ₹66.07 लाख
-
बिहार निःशक्तता पेंशन: 5,880 लाभुकों को ₹65.65 लाख
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन: 2,647 लाभुकों को ₹30.14 लाख
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन: 694 लाभुकों को ₹7.70 लाख
4,400 पेंशनधारी जीवन प्रमाणीकरण न होने से वंचित; DM ने की यह अपील
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शेखपुरा जिले के लगभग 4,400 पेंशनधारी अब तक अपना अनिवार्य जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate Verification) न कराने के कारण इस बढ़ी हुई राशि से वंचित रह गए हैं।
डीएम ने अपील करते हुए कहा:
“जो लाभुक अब तक अपना सत्यापन नहीं करा पाए हैं, वे अविलंब पहचान संबंधी दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी सीएससी (CSC / वसुधा केंद्र) या संबंधित विकास मित्र से संपर्क कर अपना बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूर्ण करा लें, ताकि उन्हें रुकी हुई पेंशन राशि का भुगतान शीघ्र किया जा सके।”
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री लखींद्र पासवान, सहायक निदेशक श्वेता कौर सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं के पेंशनधारी उपस्थित रहे।
प्रादेशिक ब्यूरो: शेखपुरा (बिहार)
ऑल Rights मैगज़ीन (डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क)
सीनियर एडिटर गोपाल चन्द्र अग्रवाल

