**भोपाल: 7.1 करोड़ की ड्रग्स जब्त**
भोपाल: 7.1 करोड़ की ड्रग्स जब्त
भोपाल। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशे के तस्करों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन क्रिस्टल डैगर’ के तहत एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। डीआरआई की टीमों ने भोपाल और ग्रेटर नोएडा में एक साथ छापेमारी कर 8.6 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 7.1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के तहत चार नाइजीरियाई नागरिकों और एक भारतीय सहित कुल पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही महिला भोपाल स्टेशन पर धराई
डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला तस्कर ट्रेन से नई दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई है और उसके पास भारी मात्रा में ड्रग्स की खेप मौजूद है। सटीक जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने 11 अगस्त को भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की।
ट्रेन के पहुँचते ही संदेहास्पद महिला को रोका गया और जब उसके सामान की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें से छुपाकर रखा गया भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद मिली कड़ियों को जोड़ते हुए ग्रेटर नोएडा तक कार्रवाई की गई, जहाँ से पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

