Bareilly UP : बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई।
बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। सड़क किनारे बने व्यापारी शुभम माहेश्वरी उर्फ बॉबी के मकान और उससे जुड़ी दुकानों से अचानक धुआं उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और नीचे बनी दुकानों को पूरी तरह चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि मकान की पहली मंजिल पर रह रहा पूरा परिवार भीतर ही फंस गया। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा था।
हालात गंभीर होते देख ग्रामीण आगे आए और पड़ोसी के मकान से सीढ़ी लगाकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
नीचे स्थित मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर और खाद-बीज की दुकानें आग में जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखा दवाइयों का स्टॉक, किराना सामान, बीज, खाद और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
आग मकान के अंदर तक फैल गई, जिससे घरेलू सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा। पीड़ित व्यापारी ने नुकसान लाखों रुपये में होने की बात कही है।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को तुरंत दी गई, लेकिन करीब दो घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहुंची दो गाड़ियों में से एक में पानी तक नहीं था। इससे लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
दमकल विभाग की देरी को देखते हुए ग्राम प्रधान अतुल गुप्ता ने सबमर्सिबल पंप चलवाया। तालाब, नालों और आसपास के घरों से पानी मंगाकर ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि आंवला से गांव की दूरी महज 12 किलोमीटर है और आपात सेवा 15 से 20 मिनट में पहुंच सकती थी। अगर ग्रामीण खुद सक्रिय न होते तो पूरा मकान ढह सकता था। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपात सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आग ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया ही, साथ ही उस भरोसे को भी झुलसा दिया, जिस पर संकट की घड़ी में लोग निर्भर रहते हैं।
बरेली से रोहिताश कुमार
