बरेली: पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री सील
बुलडोजर के बाद अब वन विभाग का प्रहार! फरीदपुर में ‘पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री’ सील; अवैध मशीनों और एक्सपायर्ड लाइसेंस का भंडाफोड़
रिपोर्टर: रोहिताश कुमार, बरेली
बरेली News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में नियमों को ताक पर रखकर फैक्ट्रियां चलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। फरीदपुर में नेशनल हाईवे पर स्थित ‘पांचजन्य प्लाईवुड एंड बोर्ड्स प्राइवेट लिमिटेड’ पर बुधवार को वन विभाग की टीम ने अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई में फैक्ट्री के अंदर चल रहे अवैध खेल का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद पूरी इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
छापेमारी की बड़ी बातें: नियमों की उड़ रही थीं धज्जियां
जब वन विभाग की टीम भौतिक सत्यापन के लिए फैक्ट्री पहुंची, तो वहां की स्थिति चौंकाने वाली थी:
-
खत्म हो चुका था परमिट: फैक्ट्री का संचालन एक्सपायर्ड लाइसेंस पर किया जा रहा था।
-
अवैध मशीनों का जाल: जितनी मशीनों की अनुमति थी, फैक्ट्री के अंदर उससे कहीं अधिक क्षमता की मशीनें धड़ल्ले से चल रही थीं।
-
ऑन-कैमरा एक्शन: वन विभाग ने पूरी छापेमारी और अनियमितताओं की वीडियोग्राफी कराई है ताकि कोर्ट में कड़े साक्ष्य पेश किए जा सकें।
नोटिस की अनदेखी पड़ी भारी
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन को लाइसेंस रिन्यू कराने और खामियों को सुधारने के लिए पहले ही औपचारिक नोटिस दिया गया था। लेकिन प्रबंधन की लापरवाही और ‘सिस्टम’ को हल्के में लेने की जिद ने आज फैक्ट्री पर ताला लगवा दिया।
GST चोरी से भी जुड़े हैं तार!
पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री का इतिहास दागदार रहा है।
-
18 जुलाई 2025 को जीएसटी (GST) विभाग ने यहां एक बड़ा छापा मारा था।
-
उस दौरान बोगस फर्मों के जरिए फर्जी खरीद दिखाकर लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई थी। अब वन विभाग की इस कार्रवाई ने फैक्ट्री मालिक की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद फरीदपुर के औद्योगिक इलाके में हड़कंप का माहौल है। वन विभाग ने साफ कर दिया है कि पर्यावरण और उद्योग के नियमों से खिलवाड़ करने वाली किसी भी यूनिट को बख्शा नहीं जाएगा। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

