नौ घंटे तक थमी रही पैर की सांस, नानावटी मैक्स के डॉक्टरों ने चमत्कारिक सर्जरी से लौटाई जिंदगी की उम्मीद
नौ घंटे तक थमी रही पैर की सांस, नानावटी मैक्स के डॉक्टरों ने चमत्कारिक सर्जरी से लौटाई जिंदगी की उम्मीद
चलती लोकल ट्रेन के नीचे कट गया पैर, डॉक्टरों की जटिल सर्जरी ने फिर जगाई चलने की आस
जहां दूसरे अस्पतालों ने खड़े किए हाथ, नानावटी मैक्स के डॉक्टरों ने दोबारा जोड़ दिया कटा हुआ पैर
मुंबई (अनिल बेदाग): चिकित्सा विज्ञान की तरक्की और डॉक्टरों के असाधारण कौशल ने एक 30 वर्षीय युवक की जिंदगी में उम्मीद की नई रोशनी जगा दी है। मुंबई के नानावटी मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने चलती लोकल ट्रेन से गिरकर पैर गंवा चुके रोनक भूपतानी के पूरी तरह कटे बाएं पैर को लगभग नौ घंटे तक रक्त संचार बंद रहने के बावजूद सफलतापूर्वक दोबारा जोड़ दिया।
कांदिवली स्टेशन के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में रोनक का पैर ट्रेन के पहियों के नीचे आकर पूरी तरह कट गया था। दो अस्पतालों में इलाज के बाद परिवार को पैर बचने की उम्मीद छोड़ने की सलाह दी गई थी। लेकिन नानावटी मैक्स के विशेषज्ञों ने चुनौती स्वीकार की। डॉ. नीलेश जी. सतभाई और डॉ. गौतम जे.के. तावरी के नेतृत्व में मल्टीडिसिप्लिनरी टीम ने जटिल माइक्रोसर्जरी के जरिए रक्त वाहिकाओं, नसों और मांसपेशियों को जोड़ा।
डॉ. नीलेश सतभाई ने बताया, “हमारी पहली प्राथमिकता रक्त संचार बहाल करना और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित रखना था। हमने जांघ से स्वस्थ ऊतक लेकर घायल हिस्से को ढकने की प्रक्रिया भी की।” वहीं, डॉ. गौतम तावरी के अनुसार, “अब हमारा ध्यान पैर को स्थिर बनाने और मरीज को दोबारा चलने योग्य बनाने के लिए सुनियोजित पुनर्वास पर है।” लगभग एक महीने अस्पताल में रहने और कई सर्जरी के बाद रोनक को स्थिर हालत में छुट्टी दे दी गई है। अब उनके दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने की उम्मीद ने चिकित्सा जगत की उपलब्धि को एक मानवीय मिसाल बना दिया है।
