अर्टिगा कार की मांग, महिला की मौत
बरेली: अर्टिगा कार की सनक में ली पत्नी की जान? दहेज के लिए हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में दहेज दानवों की क्रूरता का एक और दहला देने वाला मामला सामने आया है। बारादरी थाना क्षेत्र के दोहरा गौटिया में 27 वर्षीय शिवानी शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अर्टिगा कार की मांग पूरी न होने पर पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
शादी के 4 साल बाद ‘कार’ बनी काल
सुभाषनगर के शांति विहार निवासी मुनीश शर्मा ने अपनी बेटी शिवानी की शादी चार साल पहले सोनू उर्फ ब्रज किशोर शर्मा से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही सोनू ने अर्टिगा कार की डिमांड शुरू कर दी थी।
-
लगातार प्रताड़ना: मांग पूरी न होने पर शिवानी के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।
-
मदद के बावजूद जुल्म: पिता का दावा है कि वे हर महीने घर का राशन और साप्ताहिक सब्जी तक ससुराल भेजते थे, फिर भी उत्पीड़न कम नहीं हुआ।
15 दिन मायके रहकर लौटी थी, रात में ही हो गई वारदात
मामले में सबसे दुखद पहलू यह है कि शिवानी पिछले 15 दिनों से प्रताड़ना के कारण मायके में रह रही थी। रविवार को ही उसके पिता ने उसे समझा-बुझाकर ससुराल छोड़ा था। आरोप है कि उसी रात दिल्ली में ऑटो चलाने वाला उसका पति सोनू घर आया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
अवैध संबंध और बेटी के जन्म पर हिंसा का आरोप
मृतका की मां कमल शर्मा और मौसी डॉ. पूनम पाठक (प्रोफेसर, CCS यूनिवर्सिटी) ने पति पर रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं:
-
अवैध संबंध: मां का आरोप है कि शिवानी के पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर शिवानी को प्रताड़ित किया जाता था।
-
बेटी से नफरत: दो साल पहले जब शिवानी ने बेटी को जन्म दिया, तो पति ने अस्पताल का खर्च तक नहीं उठाया और प्रसूति की हालत में भी शिवानी के साथ मारपीट की।
“बेटी के जन्म के बाद से सोनू और अधिक हिंसक हो गया था। उसने कभी पिता की जिम्मेदारी नहीं निभाई, सारा खर्च हमें ही उठाना पड़ता था।” – परिजनों का बयान
पुलिस एक्शन: पति और ससुर हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए:
-
आरोपी पति सोनू और ससुर राजेंद्र प्रसाद को हिरासत में ले लिया है।
-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है ताकि हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ सके।
-
परिजनों की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या (304B) समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार, बरेली
खबरें और भी:-

