UP News- बौखलाई भाजपा सरकार यूपी चुनाव लडने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को साथ लेकर आई है- अखिलेश यादव

लखनऊ(मोहम्मद शीराज़ ख़ान)- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में हार के डर से घबराई और बौखलाई भाजपा सरकार यूपी चुनाव लडने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को साथ लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले हैं, यह सौहार्द की सुगंध को नहीं पसंद करते हैं। यह कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रही है। जनता सब समझ रही है, विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करेगी। श्री यादव कन्नौज में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों में जनता नहीं जा रही है। इनकी रैली के आयोजक लेखपाल और सरकारी अधिकारी हैं। कर्मचारी बेमन से ले जाये जाते है। भाजपा सरकार जाने वाली है और समाजवादी पार्टी की नई सरकार आने वाली है। इसी से घबराकर भाजपा छापेमारी कर रही है। भाजपा के लोगों को इत्र नहीं पसंद है, उन्हें दुर्गंध पसंद है। ये कागज के झूठे बिना सुगंध वाले फूल हैं। श्री अखिलेश यादव ने कहा विधानसभा चुनाव में जहां जहां भाजपा हारने लगती है वहां केंद्रीय एजेंसियों से छापे करवाती है। यही हाल बंगाल में किया। बंगाल की जनता ने उन्हें सबक सिखाया। तमिलनाडु में छापा मरवाया तो तमिलनाडु की जनता ने भी उन्हें सबक सिखाया। अब उत्तर प्रदेश की जनता भी उन्हें सबक सिखाएगी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों से गठबंधन किया है। भाजपा ने ईडी, सीबीआई और आईटी के साथ गठबंधन किया है। भाजपा के दिल्ली के नेता जब लखनऊ आते हैं तो अपने साथ केंद्रीय एजेंसियों को भी लेकर आते हैं। भाजपा इनको साथ लेकर चुनाव लड़ती है। भाजपा के डबल इंजन एक दूसरे से टकरा रहे हैं। उत्तर प्रदेश को डबल इंजन सरकारों से कोई लाभ नहीं हुआ है। समाजवादी पार्टी का एक रथ भाजपा के छह रथो पर भारी साबित हुआ है। इसीलिए भाजपा अब अनैतिक और अलोकतांत्रिक व्यवहार पर उतर आई है। सन् 2022 में जनता इसके लिए उसे माफ नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: