राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत क्षय उन्मूलन हेतु जनपद में जन आन्दोलन का शुभारम्भ
बरेली, 25 जून। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री सन्तोष गंगवार की अध्यक्षता में क्षय रोग संवेदीकरण की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। माननीय श्री सन्तोष गंगवार जी एवं माननीय डा0 अरूण कुमार जी द्वारा जनपद में क्षय उन्मूलन हेतु जन आन्दोलन का शुभारम्भ किया गया।
जिसके अन्तर्गत प्रत्येक माह क्षय रोग की रोकथाम हेतु विभिन्न गतिविधियां की जानी है जिससे वर्ष 2025 तक क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। माननीय मंत्री जी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्यक्रम के सम्बन्ध में जागरूकता करने के निर्देश दिये। माननीय शहर विधायक जी द्वारा ऑटो ड्राईवर तथा रिक्शा चालक जो कि स्कूलों में बच्चों को लाने व ले जाने का कार्य करते है उनका क्षय रोग के लिये जांच कराने के निर्देश दिये गये, ताकि बच्चों को क्षय रोग से बचाया जा सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भारत में टी0बी0 की स्थिति, टी0बी0 के प्रसार एवं लक्षण, जांच के साधन, उपचार आदि से अवगत कराया। क्षय रोग (टी0बी0) एक गम्भीर बीमारी है जो कि लम्बे समय से जन सामान्य की स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है। यह बीमारी 21वी सदी के लिए भी एक गम्भीर चुनौती है। अभी भी पूरे विश्व में लगभग 14 लाख लोगों की मृत्यु प्रतिवर्ष टी0बी0 बीमारी से होती हैं, उसमे से अकेले 4.8 लाख भारत के ही है। विश्व के टी0बी0 मरीजों की जनसंख्या का एक चौथाई हिस्सा भारत में पाया जाता है तथा भारत के टी0बी0 मरीजों की संख्या का पांचवा भाग उत्तर प्रदेश राज्य में है। श्री गंगवार ने कहा कि इस गम्भीर चुनौती को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय, भारत सरकार ने टी0बी0 बीमारी को वर्ष 2025 तक समाप्त करने के लिए कार्य रूप को प्रमुखता प्रदान की है। मा0 प्रधानमंत्री जी ने मन की बात में टी0बी0 की बीमारी एवं इसके दुष्प्रभाव की चर्चा करते हुए अवाह्न किया था कि टी0बी0 बीमारी को समाप्त करने के लिए एक सुदृढ़ कार्ययोजना को तैयार की जाए जिससे टी0बी0 को वर्ष 2025 तक देश से समाप्त किया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुधीर कुमार गर्ग ने जनपद में क्षय रोग की स्थिति एवं रोकथाम हेतु किये जा रहे प्रयास से अवगत कराया गया। जनपद में वर्ष 2020 में सरकारी क्षेत्र एवं निजी क्षेत्र में 13166 क्षय रोगियों का पंजीकरण किया गया। निक्षय पोषण योजना के अन्तर्गत वर्ष 2020 में पंजीकृत क्षय रोगियों को 2,01,07,500 रूपये की धनराशि का भुगतान पोषण हेतु किया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से डा0 कैलाश चन्द्र जोशी जिला क्षय रोग अधिकारी, डा0 अमित कुमार सिंह उप जिला क्षय रोग अधिकारी, डा0 रोहिताश तेवतिया कार्यक्रम अधिकारी, डा0 इमरान जीत प्रोजेक्ट, श्री निखिल बंसल जिला कार्यक्रम समन्वयक, श्री विजय कुमार जिला पी0पी0एम0 समन्वयक, श्री आलोक कुमार डी0पी0टी0सी0, श्री संजय सिंह डी0पी0टी0सी0 आदि उपस्थित रहे।
बरेली से संपादक गोपाल चंद्र अग्रवाल,(राजू शर्मा) की रिपोर्ट !