शेखपुरा: कचरा प्रबंधन के नए नियम
शेखपुरा: अब घर-दुकान में 4 रंग के डस्टबिन जरूरी, कूड़ा जलाने पर लगेगा स्पॉट फाइन
शेखपुरा (बिहार): जिले को स्वच्छता के मामले में मॉडल बनाने के लिए प्रशासन ने अब ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026’ को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी (DM) शेखर आनंद ने शनिवार को मंथन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि अब कूड़ा प्रबंधन में लापरवाही बरतने वालों पर सीधा आर्थिक दंड (Spot Fine) लगाया जाएगा।
अब 4 रंगों में बांटना होगा कचरा
नए नियमों के अनुसार, हर घर, दुकान और व्यावसायिक संस्थान को अपने कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर रखना अनिवार्य होगा:
-
हरा डस्टबिन (गीला कूड़ा): फल-सब्जी के छिलके और बचा हुआ भोजन।
-
नीला डस्टबिन (सूखा कूड़ा): प्लास्टिक, कागज, कांच और धातु के सामान।
-
लाल डस्टबिन (सैनिटरी कचरा): डायपर और सैनिटरी पैड (अलग थैली में पैक करके)।
-
काला डस्टबिन (हानिकारक कचरा): पुरानी दवाइयां, पेंट के डिब्बे, बैटरी और बल्ब।
‘बल्क वेस्ट जनरेटर’ के लिए कड़े नियम
ऐसे संस्थान जहाँ प्रतिदिन 100 किलो से अधिक कचरा निकलता है या जिनका परिसर 20,000 वर्ग मीटर से बड़ा है, उन्हें ‘बल्क वेस्ट जनरेटर’ के रूप में चिन्हित किया गया है।
-
स्वयं निपटारा: इन संस्थानों को अपने परिसर में ही कम्पोस्टिंग या बायोगैस प्लांट के जरिए गीले कचरे का प्रसंस्करण करना होगा।
-
रजिस्ट्रेशन: इन्हें केंद्रीय ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराना और हर साल 30 जून तक रिपोर्ट देना अनिवार्य है।
कूड़ा जलाना अब पड़ेगा महंगा
डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़कों, नालियों या खुले में कूड़ा फेंकना और उसे जलाना अब दंडनीय अपराध होगा। ‘प्रदूषक भरे’ सिद्धांत के तहत दोषी पाए जाने पर मौके पर ही स्पॉट फाइन वसूला जाएगा।
रोजगार से जुड़ेगा कचरा प्रबंधन
‘अपशिष्ट से धन’ (Waste to Wealth) की योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) और स्थानीय उद्यमियों को कचरा प्रसंस्करण इकाइयों से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल शहर साफ होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पंचायतों को भी निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में ई-रिक्शा और बेलिंग मशीन जैसी बुनियादी सुविधाओं की खरीद सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही चापाकालों के किनारे जलभराव रोकने के लिए सोखता निर्माण का आदेश दिया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: उमेश कुमार, शेखपुरा)
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर
(Allrights Magazine)

रेली: महाराणा प्रताप जयंती समारोह!
