भाजपा सरकार की कुनीतियों के खिलाफ चल रहे देशव्यापी किसान आंदोलन में समाजवादी पार्टी भी संघर्षरत है-अखिलेश यादव*

*समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव* ने कहा है कि भाजपा सरकार की कुनीतियों के खिलाफ चल रहे देशव्यापी किसान आंदोलन में समाजवादी पार्टी भी संघर्षरत है। भाजपा सरकार के तीनों कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट हैं। किसान के धान की लूट हुई है। किसानों को धान का, गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य कहीं नहीं मिला है। उन्हें औनेपौने दाम पर फसल बेचने को मजबूर होना पड़ा है। समाजवादी पार्टी ने किसान यात्रा की और समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम के तहत चौपाल लगाकर किसानों को जागरूक कर रहे है तो पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं पर गम्भीर धाराओं में तमाम फर्जी मुकदमें लगा दिए गए हैं।
    श्री अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में बड़ी संख्या में देवी पाटन मण्डल के बहुजन समाज पार्टी के नेताओं के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के मौके पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उनके समक्ष मशहूर शायर श्री मुनव्वर राना की बेटी सुश्री सुमैया राना, गोण्डा से बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे श्री मसूद आलम खां, पूर्व विधायक श्री रमेश गौतम, सुप्रीमकोर्ट के एडवोकेट श्री प्रकाश चंद्र बर्नवाल के साथ आए सैकड़ो लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते कहा कि जनविरोधी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जीजान से जुट जाएं, बूथ स्तर तक काम करना है।
    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में कुछ भी हो सकता है। सच लिखने या बोलने पर मुकदमा भी हो सकता है। आतंकवादी बताया जा सकता है। इतना झूठ और भ्रष्टाचार कभी नहीं रहा। इस सरकार की नीति है ठोक दो! सिर फोड़ दो! मुकदमें लगा दो! हमारे कार्यकर्ताओं का सिर फोड़ दिया गया और हमारे ऊपर मुकदमा लगा दिया। अन्याय और अत्याचार की भाजपा राज में कोई सीमा नहीं रही है। कोई आवाज उठाता है तो उसकी आवाज दबा दी जाती है।
    श्री यादव ने स्पष्टता से कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। भाजपा सरकार से जनता को कोई उम्मीद नहीं रह गई है। अभी तक जो काम नहीं हुए वे सब अलोकतांत्रिक काम भाजपा राज में हो रहे हैं। भाजपा मंत्री पर फर्जी मोबाइल लांच करने का आरोप है। इसी सरकार में सचिवालय में फर्जी अधिकारी बनकर भ्रष्टाचार किया जाता है। जीरो टालरेंस की बात करने वालों जैसा झूठ किसी सरकार में नहीं सुना। भाजपा किसी हद तक जा सकती है। इनका छोटा दिल है।
    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब भाजपा सरकार हटेगी तभी लोकतंत्र बचेगा! भाजपा सरकार में देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हुई है। नोटबंदी, जीएसटी और लाकडाउन से लोग त्रस्त हैं। 90 से ज्यादा मजदूरों की मौत हुई है। सरकार ने किसी की मदद नहीं की। विदेशों में किसान को भरपूर सब्सिड़ी मिलती है। समाजवादी पार्टी का मानना है कि ऐसी एमएसपी हो जिसमें किसान की आय दुगनी हो। बढ़ती मंहगाई रोकने के लिए डाॅ0 लोहिया की दाम बांधो नीति अपनाई जानी चाहिए।
    श्री यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। वह दलों को तोड़ती है। जांचों के नाम पर विपक्ष को डराती-धमकाती है और फिर फायदा उठाती है। सत्ता का दुरूपयोग कर प्रशासन को मोहरा बनाती है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की बुनियाद समाजवादी पार्टी की सरकार ने रखी थी। राजधानी लखनऊ में मेट्रो रेल वहीं रूकी हुई है जहां छोड़ गए थे। गोरखपुर-वाराणसी में इतने वर्षों में भी मेट्रो रेल नहीं चली। समाजवादी पार्टी ने काम किया है, भाजपा केवल अपना नाम फर्जी ढंग से लगा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना है जब वह सत्ता से बाहर होगी तभी देश व समाज में खुशहाली आएगी।
    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को भाजपा पर भरोसा नहीं रह गया है। किसानों के हक में जो मंडिया बननी थीं उन्हें रोक दिया गया है। सरकारी इमारतें बेच दी गई है। किसान को बाजार के हवाले नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हाथरस  के मामले में सरकार का झूठ सामने आ गया है। समाजवादी पार्टी कभी सीएए, एनआरसी, एनपीआर के पक्ष में नहीं रही। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना चाहती है। भाजपा एसआईटी का दुरूपयेाग कर रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर एसआईटी की भी जांच होगी। किसान आंदोलन एवं सीएए, एनआरसी के आंदोलन में जितने झूठे मुकदमें भाजपा सरकार ने लगाए हैं। वे सभी वापस होंगे।
 
उर्दू शायरा सुमैया राना के साथ साजिदा शबा, शबाना साजिद, मोहतरमा शकीला तथा मोहतरमा शमशाद बेगम के अतिरिक्त बहुजन समाज पार्टी के प्रमुख नेता सर्वश्री लालचंद गौतम, खुशीराम पासवान, मोहम्मद इरफान खां, अयोध्या चौहान, अहसान अली, निसार अहमद, योगजीत सिंह, राजपाल एडवोकेट, सरजू प्रसाद मौर्य, राम आशीष भारती, राम निवाज यादव आदि ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
    इस अवसर पर सर्वश्री इन्द्रजीत सरोज राष्ट्रीय महासचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, प्रो0 बी.पाण्डेय पूर्व उपकुलपति, बलवंत सिंह रामूवालिया, ओम प्रकाश सिंह, विनोद कुमार सिंह उर्फ पण्डित सिंह, राधेश्याम सिंह सभी पूर्व मंत्रीगण, बैजनाथ दुबे, राम बिशुन आजाद एवं नंदिता शुक्ला सभी पूर्व विधायक, अरविन्द कुमार सिंह, जगजीवन प्रसाद एमएलसी, कमरूद्दीन खां पूर्व चेयरमैन तथा राजन त्रिवेदी, अमीक जामेई, जावेद इक़बाल खान की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

लखनऊ से ब्यूरो चीफ राघवेंद्र सिंह,(राजू शर्मा) की रिपोर्ट !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: