जापान के राजदूत ने गृह राज्यमंत्री श्री किरेन रिजीजू से भेंट की

जापान के राजदूत ने गृह राज्यमंत्री श्री किरेन रिजीजू से भेंट की

दोनों देश आपदा जोखिम कमी तथा आधारभूत संरचना विकास में सहयोग बढ़ाने के इच्छुक

भारत में जापान के राजदूत श्री केनजी हिरामत्सू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्री किरेन रिजीजू से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आधारभूत संरचना, बांस अनुसंधान तथा एप्लीकेशन और आपदा प्रबंधन सहित पारस्परिक हित के विषयों पर बातचीत की।

श्री केन्जी ने भूकंप रोधी ढांचा निर्माण, शहरी बाढ़ नियंत्रण, बाढ़ के खतरों की मैपिंग और बांध को उन्नत बनाने में जापानी विशेषज्ञता की पेशकश की। उन्होंने जापान के समर्थन से भारत में चल रही परियोजनाओं की चर्चा की। इन परियोजनाओं में पर्वतीय क्षेत्रों में राजमार्गों पर क्षमता विकास परियोजना और वाराणसी में जल जमाव समाप्त करने की परियोजना शामिल है। श्री केनजी ने एक क्षेत्रीय नेटवर्क, भूकंप चेतावनी प्रणाली “ईक्यू गार्ड” को दिखाया। “ईक्यू गार्ड” को जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी की भूंकप पूर्व चेतावनी प्रणाली में लगाया गया है।

श्री रिजीजू ने हाई स्पीड रेल परियोजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की गति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जापान से सड़क तथा राजमार्ग परियोजनाओं विशेषकर भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में निर्माण परियोजनाओं में जापान को निवेश करने का आमंत्रण दिया।

श्री केनजी ने अगले महीने तोक्यो में होने वाले आपदा जोखिम कमी (डीआरआर) प्रोत्साहन सम्मेलन – 2018 तथा डीआरआर पर दूसरी भारत-जापान कार्यशाला में भाग लेने के लिए श्री रिजीजू को जापान के आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री श्री हचीरो ओकोनोबी का निमंत्रण पत्र सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: