STF की बड़ी कार्रवाई- तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, शातिर तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ/सीतापुर।
स्पेशल टास्क फोर्स (STF), उत्तर प्रदेश को अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF ने तमंचा फैक्ट्री संचालित करने वाले एक शातिर अपराधी को तमंचों और हथियार बनाने के उपकरणों सहित जनपद सीतापुर से गिरफ्तार किया है।
STF को बीते कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि सीतापुर क्षेत्र में अवैध हथियारों का निर्माण कर उनकी तस्करी की जा रही है। इसी क्रम में STF फील्ड यूनिट अयोध्या की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम कंजाशीरपुर, थाना तालगांव क्षेत्र से आरोपी को
गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मायाराम पुत्र स्व. श्रीपाल लोहार, निवासी कंजाशीरपुर, थाना तालगांव, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है।
बरामदगी का विवरण
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और उपकरण बरामद किए गए, जिनमें शामिल हैं—
01 अदद अवैध तमंचा 12 बोर
02 अदद अवैध अधबने तमंचे 12 बोर
06 अदद अवैध तमंचे .315 बोर
01 अदद अर्धनिर्मित तमंचा 12 बोर
01 अदद खोखा कारतूस 12 बोर
01 अदद खोखा कारतूस .315 बोर
तमंचा बनाने के विभिन्न उपकरण
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह लंबे समय से अवैध हथियारों का निर्माण कर उन्हें स्थानीय एवं बाहरी जनपदों में ग्राहकों को बेचता था। एक तमंचे की कीमत 8 से 10 हजार रुपये तक वसूली जाती थी। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह इससे पहले भी दो बार
जेल जा चुका है।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद थाना तालगांव, जनपद सीतापुर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/5/25 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास पहले से ही दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट,
लखनऊ
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
