STF का बड़ा एक्शन- कानपुर में 20 हजार लीटर पेट्रोल में साल्वेंट मिलाकर सप्लाई करने वाला गिरोह पकड़ा गया
लखनऊ/कानपुर, स्पेशल टास्क फोर्स (STF), उत्तर प्रदेश ने मिलावटी पेट्रोल की अवैध सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 04 फरवरी 2026 को कानपुर देहात क्षेत्र में की गई, जहां पेट्रोल में केमिकल साल्वेंट मिलाकर भारी मात्रा में सप्लाई की जा रही थी। STF को लंबे समय से पेट्रोल पंपों तक मिलावटी पेट्रोल पहुंचाने की गुप्त सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित पाल, निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि अभियुक्त पेट्रोल में साल्वेंट मिलाकर उसे असली पेट्रोल के रूप में सप्लाई करता था, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था, बल्कि आम जनता के वाहनों और जान-माल को भी खतरा पैदा हो रहा था।
छापेमारी के दौरान STF टीम ने मौके से 20,000 लीटर मिलावटी पेट्रोल, टैंकर, प्लास्टिक पाइप, ड्रम, पंपिंग मशीन, माप उपकरण और अन्य सामान बरामद किया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और पेट्रोल पंपों को सस्ते दामों पर मिलावटी ईंधन की सप्लाई करता था।
STF अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पेट्रोल में साल्वेंट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ा देता था, जिससे मुनाफा कई गुना हो जाता था। यह नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ हो सकता है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट,
लखनऊ,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
