दिल्ली: ₹5 में भरपेट अटल भोजन
दिल्ली में ‘अटल कैंटीन’ का शंखनाद: अब मात्र 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, जानें पूरी योजना
नई दिल्ली: राजधानी में रहने वाले गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर दिल्ली में ‘अटल कैंटीन’ की शुरुआत होने जा रही है। इस योजना के तहत अब शहर का कोई भी नागरिक मात्र 5 रुपये में भरपेट और पौष्टिक भोजन प्राप्त कर सकेगा।
शहरी विकास मंत्री आशिष सूद ने घोषणा की है कि भारतीय जनता पार्टी अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए गुरुवार से 100 कैंटीन चालू कर देगी।
मेन्यू में क्या होगा खास?
इन कैंटीनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। मात्र 5 रुपये की थाली में लोगों को दाल, चावल, ताजी सब्जी और रोटी दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी में संसाधनों के अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी कैंटीनें
यह कैंटीनें केवल सस्ती ही नहीं, बल्कि पूरी तरह आधुनिक भी होंगी। अधिकारियों के अनुसार:
-
हाई-टेक किचन: हर किचन में आधुनिक उपकरण, LPG कुकिंग सिस्टम और कोल्ड स्टोरेज की सुविधा होगी।
-
शुद्ध पेयजल: लोगों के लिए RO के साफ पानी की व्यवस्था की गई है।
-
CCTV निगरानी: पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के डिजिटल प्लेटफॉर्म से होगी।
बजट और क्षमता
दिल्ली सरकार ने साल 2025-26 के बजट में इस योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बड़ा फंड आवंटित किया है। योजना की क्षमता को देखते हुए हर सेंटर पर प्रतिदिन सुबह 500 और शाम को 500, यानी कुल 1,000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
हालांकि GRAP प्रतिबंधों के कारण कुछ कैंटीनों का काम थोड़ा प्रभावित हुआ था, लेकिन अब प्रशासन ने सभी बाधाओं को पार कर इन्हें जनता के लिए खोलने की तैयारी कर ली है। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में ऐसी और भी कैंटीनें पूरी दिल्ली में खोली जाएंगी।
खबरें और भी:-

