ब्रेकिंग न्यूज़ -सपा संस्थापक मुलायम सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ी, मेदांता में भर्ती कराया गया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को फोन करके नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तबीयत गुरुवार 1 जुलाई 2021 को अचानक बिगड़ गई। उनको बेचैनी होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहीं पर उन्होंने 23 दिन पहले ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन कर 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।
सपा संरक्षक लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव ने सात जून यानी 23 दिन पहले कोरोना की वैक्सीन लगवाई थी। मुलायम सिंह को अक्सर पेट में दर्द की शिकायत रहती है। हाल के दिनों में कई बार वो अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।
इसी साल मई में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। पेट में दर्द की शिकायत के बाद उनको मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बीते दिसंबर महीने में भी मुलायम सिंह को पेट में शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इससे भी पहले अगस्त 2020 में भी उन्हेंं भर्ती कराया गया था। नवंबर 2019 में मुलायम सिंह यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जून 2019 में भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उनको गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उनको यूरिनरी रिटेंशन की शिकायत बताई गई थी।
प्रतापगढ़ से आदर्श उपाध्याय (अत्रि कुमार पाठक ) की रिपोर्ट !