VIP नंबर HR 88B 8888 की बोली रद्द!
₹1.17 करोड़ की VIP नंबर प्लेट की बोली रद्द! बाढड़ा में HR 88B 8888 नंबर बना ‘पब्लिसिटी स्टंट’, अब 5 दिसंबर से दोबारा नीलामी
बाढड़ा/हरियाणा: देशभर में चर्चा का विषय बने VIP रजिस्ट्रेशन नंबर HR 88B 8888 की ऑनलाइन बोली प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई। बाढड़ा एसडीएम अथॉरिटी के इस वीआईपी नंबर के लिए ₹1.17 करोड़ की बोली लगाने वाले व्यक्ति ने बुधवार (अंतिम दिन) तक बोली राशि जमा नहीं कराई।
इसके चलते राज्य परिवहन मुख्यालय ने इस बोली प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। बोलीदाता की ₹11,000 की सिक्योरिटी राशि भी जब्त कर ली गई है।
📢 पब्लिसिटी स्टंट बनकर रह गई रिकॉर्ड बोली
यह नंबर पिछले एक सप्ताह से देशभर में सुर्खियां बटोर रहा था, क्योंकि ₹1.17 करोड़ की बोली राशि देश में किसी भी वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की सर्वाधिक बोली राशि बन गई थी। हालांकि, बोलीदाता द्वारा राशि जमा न कराने से अब यह हाई-प्रोफाइल बोली महज ‘पब्लिसिटी स्टंट’ साबित हुई है।
अथॉरिटी स्टाफ के अनुसार, रद्द हुई बोली में कुल 45 आवेदकों ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने बोली राशि को इस रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाया था। बोलीदाता को राशि जमा कराने के लिए 5 दिन का समय दिया गया था।
🗓️ 5 दिसंबर से फिर होगी ऑनलाइन नीलामी
बोली रद्द होने के बाद अब बाढड़ा एसडीएम अथॉरिटी यह नंबर दोबारा नीलाम करेगी।
-
दोबारा बोली की तिथि: 5 दिसंबर (शुक्रवार) से शुरू होगी।
-
अवधि: अगले वीरवार (गुरुवार) तक चलेगी।
मुख्यालय से बोली रद्द करने की सूचना बाढड़ा एसडीएम अथॉरिटी को भेज दी गई है।

