Bareilly UP : बरेली उत्तर प्रदेश शहर में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
बरेली (उत्तर प्रदेश): शहर में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुत्ते, गाय, बंदर और आवारा बैल न केवल सड़कों पर अराजकता फैला रहे हैं, बल्कि अब जानलेवा साबित हो रहे हैं।
ताजा मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव सागलपुर का है, जहां शुक्रवार सुबह एक जंगली कुत्ते ने तीन साल के मासूम आकाश पर हमला कर दिया। बच्चा गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में भर्ती है।
घटना उस समय हुई जब आकाश घर के बाहर खेल रहा था। अचानक आए एक खूंखार कुत्ते ने उसके चेहरे पर हमला बोल दिया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे बचाया। घायल हालत में परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत स्थिर है लेकिन चेहरे पर गहरे जख्म हैं।
बच्चे की मां पुष्पा देवी ने बताया कि वह रसोई में थीं जब बाहर से बच्चों की चीखें सुनाई दीं। बाहर निकलने पर देखा कि आकाश खून से लथपथ पड़ा था। यह कुत्ता पहले भी कई ग्रामीणों को निशाना बना चुका है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने नगर निगम और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आवारा जानवरों को पकड़ने के नाम पर लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अब सवाल ये है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? या फिर बरेली को आवारा जानवरों के रहमो-करम पर छोड़ दिया गया है?
बरेली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट
