Bareilly UP : सपा पार्षद दल की बैठक में आम सहमति से हुआ नाम तय, 7 दावेदारों में से चुना गया नाम
बरेली नगर निगम की कार्यकारिणी के आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने वार्ड-73 बिधौलिया से पार्षद गुल बशर अंसारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। यह निर्णय पार्टी की महानगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद लिया गया, जिसमें सभी सपा पार्षदों की राय के आधार पर यह नाम तय किया गया।
सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यकारिणी चुनाव में सपा पार्षद दल की ओर से इच्छुक पार्षदों से आवेदन माँगे गए थे।
इन आवेदनों में मो. आरिफ कुरैशी, अब्दुल कयूम मुन्ना, शमीम अहमद, मो. शाकिर, इक़बाल बिल्डर, रईस मियाँ अब्बासी और गुल बशर अंसारी ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। इसके बाद सभी पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से बंद कमरे में चर्चा कर उनकी राय जानी गई।
जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी की संयुक्त निगरानी में हुई इस प्रक्रिया में सबसे अधिक पार्षदों का समर्थन गुल बशर अंसारी को मिला, जिसके आधार पर उन्हें पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया।
फिलहाल सपा के दो पार्षद — सलीम पटवारी और उमान रजा — नगर निगम कार्यकारिणी में शामिल हैं, जिनमें से सलीम पटवारी का कार्यकाल 26 जून को समाप्त हो रहा है। ऐसे में गुल बशर अंसारी को सलीम पटवारी के स्थान पर कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है।
यह निर्णय सपा की लोकतांत्रिक परंपरा और संगठनात्मक एकता का परिचायक है।
पं. दीपक शर्मा
महानगर महासचिव, सपा बरेली
बरैली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट