Bareilly UP : बरेली में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, 130 केंद्रों पर 92,135 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.

बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जनपद बरेली में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं।

जिले में इस बार कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि हाईस्कूल में 27,528 बालक और 22,449 बालिकाएं, कुल 49,977 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट में 23,654 बालक और 18,504 बालिकाएं, कुल 42,158 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर कुल 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।

चार्ट में यह भी उल्लेख है कि परीक्षा संचालन के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। जनपद में 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 130 केंद्र व्यवस्थापक और सहयोग के लिए अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। 24×7 कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षा की निगरानी निरंतर की जा सके।

बरेली कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि उनके केंद्र पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीटिंग प्लान, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर दिए गए हैं। सभी शिक्षकों को शासन के सख्त निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम, जहां प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे गए हैं, वहां तीन कैमरे स्थापित किए गए हैं—एक बाहर और दो अंदर। पूरा कॉलेज परिसर सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डिंग सिस्टम से लैस है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि जनपद में 130 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा की सुचारु व्यवस्था के लिए चार फरवरी को केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके बाद 14 फरवरी को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित सभी संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं का शत-प्रतिशत वितरण सभी परीक्षा केंद्रों तक करा दिया गया है। विद्यालय स्तर पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परीक्षा दिवस पर प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस और महिला पुलिस बल की भी व्यवस्था रहेगी।

प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा को पूर्ण रूप से नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। सचल दल लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करेंगे।

जनपद में 49,977 हाईस्कूल और 42,158 इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों सहित कुल 92,135 छात्र-छात्राएं 130 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

Bareilly News : आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली के निर्देशन में न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का उच्च स्तरीय निरीक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: