Bareilly UP : बरेली के भुता क्षेत्र में हादसे का शिकार हुआ जवान, स्टाफ से की गाली-गलौज, खुद को नेताओं से जुड़ा बताया
बरेली, 3 जुलाई:थाना भुता क्षेत्र के सिंघा मुरवान गांव निवासी 50 वर्षीय होमगार्ड जवान देवेंद्र पाल पटेल बुधवार को ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वे नशे की हालत में बाइक से कोतवाली जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक असंतुलित होकर एक टेंपो से टकरा गई।
हादसे में देवेंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में मौजूद होमगार्ड साथियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उन्होंने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया।
अस्पताल के अनुसार, देवेंद्र पाल खुद को राजनीतिक नेताओं से जुड़ा हुआ बताते हुए कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षाकर्मियों की मदद से माहौल को शांत कराया और उनका इलाज शुरू किया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, जवान की हालत अब स्थिर है लेकिन घटना को लेकर विभागीय स्तर पर जांच हो सकती है। नशे में ड्यूटी पर जाना और अस्पताल में हंगामा करना होमगार्ड विभाग की साख पर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विभाग को भी सूचना दे दी गई है। देवेंद्र पाल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
बरैली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट