बरेली। नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने बुधवार दोपहर डेला पीर सब्जी मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।
बरेली। नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने बुधवार दोपहर डेला पीर सब्जी मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने इलाके में फेमस पंडित जी चाय वाले की दुकान को हटवाया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत के बाद की गई।
जानकारी के मुताबिक, शिकायत में बताया गया था कि दुकान नाले के ऊपर अवैध रूप से बनाई गई है, जिससे आसपास जलभराव और आवागमन में दिक्कत हो रही थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत टीम भेजी।
बुधवार को टीम मौके पर पहुंची और दुकान के बाहर रखे फर्नीचर, टीनशेड व अन्य सामान को हटाकर कब्ज़ा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी रही, ताकि किसी भी तरह की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह चाय की दुकान लंबे समय से यहां संचालित हो रही थी और मंडी में आने-जाने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनी हुई थी। हालांकि, नाले के ऊपर निर्माण होने से आए दिन गंदगी और जाम की समस्या बनी रहती थी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्ज़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि अतिक्रमण से बचें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें।
इस कार्रवाई के बाद मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया है। निगम टीम ने साफ किया है कि आगे भी ऐसी शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा।
बरेली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट
