बरेली SSP अनुराग आर्य को मिली पदोन्नति
UP Police News: बरेली SSP अनुराग आर्य को मिला ‘सेलेक्शन ग्रेड’ प्रमोशन, ADG ने लगाए स्टार; जानें उनकी बेहतरीन उपलब्धियां
बरेली: उत्तर प्रदेश पुलिस के तेजतर्रार अधिकारी और बरेली के एसएसपी (SSP) अनुराग आर्य के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। शासन के गृह विभाग द्वारा उन्हें ‘सेलेक्शन ग्रेड’ (Selection Grade) में पदोन्नति दी गई है। बृहस्पतिवार को बरेली ज़ोन कार्यालय में एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान उन्हें अतिरिक्त स्टार और कॉलर बैंड प्रदान किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पहनाए स्टार
बरेली ज़ोन के एडीजी (ADG) रमित शर्मा और डीआईजी (DIG) अजय कुमार साहनी ने संयुक्त रूप से एसएसपी अनुराग आर्य की वर्दी पर नया स्टार और कॉलर बैंड लगाया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने उनके अब तक के कार्यकाल और कार्यशैली की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में एसपी यातायात और पुलिस अधीक्षक उत्तरी समेत जिले के अन्य आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी थपथपाई है पीठ
अनुराग आर्य की कार्यक्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ‘उत्कृष्ट सेवा पदक 2024’ से सम्मानित किया था।
-
कानून-व्यवस्था पर पकड़: 26 सितंबर 2025 को बरेली में असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की बड़ी कोशिश की गई थी। लेकिन एसएसपी आर्य ने अपने धैर्य और त्वरित सूझबूझ से न केवल स्थिति को संभाला, बल्कि शहर में शांति व्यवस्था कायम रखी। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने खुद उनकी प्रशंसा की थी।
चर्चित ‘सीरियल किलिंग’ मिस्ट्री को सुलझाने में रहे सफल
एसएसपी अनुराग आर्य के करियर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक शाही-शीशगढ़ का सीरियल किलिंग केस था। साल 2024 में पदभार संभालने के बाद उन्होंने इस केस को अपनी प्राथमिकता पर रखा:
-
चुनौतीपूर्ण मामला: करीब एक साल के भीतर क्षेत्र की 11 महिलाओं की हत्या ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी।
-
सटीक खुलासा: एसएसपी की रणनीति के चलते नवाबगंज के कुलदीप गंगवार को गिरफ्तार किया गया, जिससे सीरियल किलिंग की 6 वारदातों का पर्दाफाश हुआ।
अपराध नियंत्रण में बरेली पुलिस की नई पहचान
एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में बरेली पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर कई बड़े मील के पत्थर स्थापित किए हैं। प्रमोशन मिलने के बाद जिले के पुलिस महकमे में खुशी की लहर है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: रोहिताश कुमार, बरेली
खबरें और भी:-

