बरेली: सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस का खुलासा, पत्नी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना इज्जतनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मु०अ०सं० 67/2026 धारा 103(1)/351(3) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त ज्योति, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली देवी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
घटना 26 जनवरी 2026 की है, जब गिरजाशंकर कॉलोनी, कैलाशपुरम स्थित एक किराये के मकान में 33 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव का शव फंदे से लटका मिला था। शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण एंटेमॉर्टम स्ट्रैंगुलेशन (गला दबाकर हत्या) पाए जाने के बाद पुलिस ने इसे हत्या में तब्दील कर दिया।
पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी ज्योति ने खुलासा किया कि 20 हजार… रुपये ऑनलाइन जुए में हारने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने गुस्से में पति का गला दबा दिया। बाद में माता-पिता और भाई की मदद से हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
मुखबिर की सूचना पर 31 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने तीनों अभियुक्तों को डेलापीर-त्रिशूल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रोहिताश कुमार बरेली
