बरेली कॉलेज: चीफ प्रॉक्टर पद से हटाए
बरेली कॉलेज: चीफ प्रॉक्टर पद से हटाए गए
बरेली (उत्तर प्रदेश): बरेली कॉलेज में बुधवार को सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारी हंगामा हुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध और प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे को उनके पद से हटा दिया है।
फेसबुक पोस्ट से भड़का विवाद
विवाद की जड़ प्रो. आलोक खरे के नाम से संचालित एक फेसबुक आईडी से साझा की गई कथित अमर्यादित पोस्ट है। छात्रों का आरोप है कि इस पोस्ट में महिलाओं के प्रति अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। पोस्ट वायरल होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया और उन्होंने कॉलेज परिसर में प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी।
परिसर में धक्का-मुक्की और तनाव
प्रदर्शन के दौरान जब प्रो. खरे छात्रों के सामने आए, तो स्थिति और बिगड़ गई। आक्रोशित छात्रों और चीफ प्रॉक्टर के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। छात्रों की मांग और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राय ने प्रो. खरे को हटाने के साथ ही पूरी प्रॉक्टोरियल टीम को भंग करने का आदेश जारी कर दिया।
कार्यालय पर जड़ा ताला
कार्रवाई के बावजूद छात्र शांत नहीं हुए और उन्होंने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय पर ताला जड़कर उसकी चाबी प्राचार्य को सौंप दी। एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री विकास गोला और महानगर मंत्री आनंद कठेरिया ने स्पष्ट किया कि कॉलेज जैसे पवित्र संस्थान में ऐसी टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
कॉलेज प्रशासन अब इस मामले में आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

