बरेली: लापरवाही में 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
बड़ी कार्रवाई: एसएसपी ने बिथरी चैनपुर के थाना प्रभारी समेत तीन को किया सस्पेंड
बरेली: थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम पुरनापुर में दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद और फायरिंग की घटना को गंभीरता से न लेना स्थानीय पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
📌 न्यूज़ अपडेट: मुख्य बिंदु
-
निलंबन: तत्कालीन थाना प्रभारी चन्द्र प्रकाश शुक्ला, उपनिरीक्षक (SI) अमरेश कुमार और बीट आरक्षी आकाश सस्पेंड।
-
विवाद की जड़: युवती को भगाने की पुरानी रंजिश के चलते गांव में कई दिनों से बना था तनाव।
-
लापरवाही: 4 अप्रैल को मारपीट के बावजूद पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की, जिससे 5 अप्रैल को फायरिंग हुई।
-
कार्यशैली पर सवाल: स्थानांतरण से ठीक पहले संदिग्ध परिस्थितियों में क्रॉस एफआईआर दर्ज करने पर गिजी गाज।
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
जांच में सामने आया कि ग्राम पुरनापुर में एक युवती को भगा ले जाने की पुरानी घटना को लेकर दो परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। 4 अप्रैल को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। हल्का प्रभारी अमरेश कुमार और बीट सिपाही आकाश को इस तनाव की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने समय रहते इसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।
थाना प्रभारी की भूमिका संदिग्ध
मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी चन्द्र प्रकाश शुक्ला की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। जांच में पाया गया कि उन्होंने स्थानांतरण पर रवानगी से ठीक पहले एक पक्ष के मेडिकल में चोट न होने के बावजूद संदिग्ध परिस्थितियों में क्रॉस एफआईआर दर्ज की। गांव में बढ़ते तनाव के बीच कोई ठोस कदम न उठाना उनकी लचर कार्यशैली का प्रमाण माना गया।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने इस लापरवाही को अक्षम्य मानते हुए तीनों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि बीट स्तर पर होने वाले विवादों को यदि समय रहते नहीं सुलझाया गया, तो संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में गांव पुरनापुर में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
रिपोर्टर: रोहिताश कुमार भास्कर (बरेली)
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

