कान्हा के जंगलों में अदा शर्मा का हरित अभियान, बच्चों को प्रकृति से जोड़ने की पहल
मुंबई (अनिल बेदाग),
जब सिनेमा की लोकप्रियता सामाजिक सरोकारों से जुड़ती है, तब उसका प्रभाव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता। अभिनेत्री अदा शर्मा इस बार किसी फिल्मी किरदार के कारण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों को लेकर चर्चा में हैं।
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘अनुभूति’ के माध्यम से अदा शर्मा ने बच्चों और जंगलों के बीच एक भावनात्मक सेतु बनाने की पहल की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण के महत्व से परिचित कराना तथा उनमें संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्राकृतिक परिवेश को करीब से समझने, वन्यजीवों की भूमिका जानने और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर संवाद करने का अवसर मिला। अदा शर्मा ने बच्चों से संवाद करते हुए यह संदेश दिया कि जंगल केवल पर्यटन स्थल नहीं हैं, बल्कि जीवन के संरक्षण का आधार हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अदा शर्मा की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को खास बना दिया। उनकी सादगी और संवेदनशीलता ने बच्चों को सहज रूप से प्रकृति से जोड़ने का काम किया। अभिनय के हर जॉनर में अपनी सशक्त पहचान बना चुकी अदा शर्मा अब सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों से जुड़कर यह दिखा रही हैं कि कलाकार समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बन सकते हैं।
कान्हा नेशनल पार्क में आयोजित यह पहल आने वाली पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अदा शर्मा का यह प्रयास यह संदेश देता है कि पर्यावरण संरक्षण केवल नीतियों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सहभागिता से ही वास्तविक बदलाव संभव है।
अनिल बेदाग,
मुंबई,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
