शादी का झांसा देकर विधवा से 1 लाख की ठगी!
Allrights संवाददाता(रोहिताश कुमार)बरेली:-शादी का झांसा देकर विधवा की आबरू लूटने का आरोप, 1 लाख रुपये हड़पने पर युवक व उसके परिवार पर केस दर्ज!
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने दूसरे समुदाय के युवक शोईब पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और करीब 1 लाख रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शोईब के साथ-साथ उसके माता-पिता के खिलाफ भी बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध, फिर मुकरा
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी दो साल पहले हुई थी लेकिन एक साल पहले पति की मौत हो गई। इसी दौरान उसकी पहचान शोईब से हुई। शोईब ने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला से निकाह का वादा किया। आरोपी ने उसी भरोसे का फायदा उठाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि इस दौरान शोईब ने दहेज और अन्य बहानों से उससे करीब 1 लाख रुपये भी ठग लिए।
निकाह की बात पर मारपीट, जान से मारने की धमकी
जब महिला ने निकाह व रुपये की वापसी को लेकर शोईब से बात करनी चाही, तो आरोपी ने न सिर्फ उससे मारपीट की बल्कि गाली-गलौच भी की।
पीड़िता का आरोप है कि शोईब के माता-पिता ने भी उसे अपमानित किया और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने शोईब और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है।
मामले की जांच की जा रही है, और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी:-

