मुंबई में अधेड़ उम्र के शख्स ने की अश्लील हरकत, लड़की को रेलवे स्टेशन पर जबरदस्ती चूमा
देश की आर्थिक राजधानी और सपनों को सच करने वाले शहर मुंबई से एक रेलवे स्टेशन पर लड़की के साथ सरेआम छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है । रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर हुई छेड़छाड़ की पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति एक लड़की को जबरन किस करता हुआ दिख रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना नवी मुंबई के तुर्भे रेलवे स्टेशन की है। पीड़िता की उम्र 20 साल के आस-पास बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता नौकरी पर जा रही थी और रेलवे स्टेशन पर घनसोली के लिए जाने वाली लोकल ट्रेन का इंतजार कर रही थी। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इस घटना में देखा जा सकता है कि महिला स्टेशन पर अपनी ट्रेन के लिए पहुंच रही है। तभी अचानक पीछे से एक अधेड़ उम्र का आदमी आता है और महिला को जबरदस्ती किस करने की कोशिश करता है। महिला उसे धक्का देकर खुद को बचाती है, जिसके बाद वो शख्स आराम से चलता हुआ वहां से निकल जाता है। वहां मौजूद कोई व्यक्ति उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करता।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 43 साल के नरेश जोशी के रूप में की गई। जानकारी के मुताबिक नरेश जोशी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।