वैशाली: बुद्ध स्मृति स्तूप का भ्रमण
वैशाली को वैश्विक पहचान: सीएम नीतीश ने बुद्ध स्मृति स्तूप का किया भ्रमण
वैशाली: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को वैशाली जिले में नवनिर्मित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने इस भव्य परिसर में पर्यटन सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को इसे विश्व स्तरीय मानकों के अनुरूप बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

📌 न्यूज़ हाइलाइट्स:
-
उद्घाटन: सीएम ने संग्रहालय से प्राचीन मृदा धातु स्तूप तक जाने वाले नए मार्ग का किया शुभारंभ।
-
विश्व शांति की कामना: स्मृति स्तूप के भू-तल पर भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य की समृद्धि की मांगी दुआ।
-
पर्यटन सर्किट: बोधगया से कुशीनगर तक बौद्ध सर्किट को जोड़ने की योजना पर जोर।
-
पर्यावरण और संस्कृति: परिसर को हरा-भरा और कलात्मक बनाने के लिए अधिकारियों की थपथपाई पीठ।
बौद्ध प्रतीकों और उपदेशों का किया अवलोकन
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में शिलापट्टों पर उकेरे गए बौद्ध प्रतीकों और उनके गूढ़ अर्थों को बारीकी से समझा। उन्होंने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक रूप से अत्यंत समृद्ध भूमि है। यहां का संग्रहालय न केवल भगवान बुद्ध के विचारों को सहेजेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का केंद्र भी बनेगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा:
“बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय वैशाली को वैश्विक मानचित्र पर नई प्रतिष्ठा दिलाएगा। इससे न केवल पर्यटन और संस्कृति का विकास होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस परिसर का रखरखाव पूरी संजीदगी से करें।”

कनेक्टिविटी: बोधगया से कुशीनगर तक का सफर आसान
नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने भगवान बुद्ध से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों को एक सर्किट में पिरोया है। अब पर्यटक बोधगया-राजगीर-पटना-वैशाली-केसरिया-लौरिया नन्दन गढ़ होते हुए गंडक नदी पर बने गौतम बुद्ध सेतु के जरिए सीधे कुशीनगर जा सकेंगे।

मौजूद रहे कई दिग्गज नेता और अधिकारी
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण सचिव कुमार रवि और वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह सहित पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग और कई बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: सोनू कुमार (वैशाली, बिहार)
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

