एसटीएफ उत्तर प्रदेश की बड़ी कार्रवाई, फर्जी आईबी अधिकारी बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार
लखनऊ | विशेष टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बनकर पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों को कॉल कर दबाव बनाने और ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई STF मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर की गई।
प्रेस नोट संख्या-30 के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को STF को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खुद को आईबी का फर्जी डिप्टी डायरेक्टर बताकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मोबाइल फोन पर कॉल कर उनके कार्यों पर गलत ढंग से दबाव बनाता है और सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप करता है। सूचना के सत्यापन के बाद STF ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोज चौहान पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी मोहम्मदपुर डिग्रीकला उर्फ डिग्रीकला, थाना नगरा, तहसील हाल पता-110 साकेत विहार कॉलोनी, थाना धामपुर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।
बरामदगी
02 अदद मोबाइल फोन
01 अदद फर्जी पहचान पत्र
01 अदद कार (यूपी-20 सीपी-6789)
गिरफ्तारी का विवरण
अभियुक्त को 06-02-2026 को समय 20:30 बजे, स्थान गुलमोहर रिसॉर्ट के पास, साकेत विहार कॉलोनी, थाना धामपुर, जनपद बिजनौर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह फर्जी आईबी अधिकारी बनकर पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, न्याय विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को फोन करता था और अपने परिचित लोगों के कार्य सरकारी विभागों में कराने के नाम पर दबाव बनाता था। अभियुक्त ने यह भी बताया कि उसने फर्जी आईडी कार्ड तैयार कर रखा था और लोगों को दिखाकर खुद को आईबी का वरिष्ठ अधिकारी बताता था।
STF के अनुसार अभियुक्त ने अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को यह भी बताया था कि उसकी नौकरी दिल्ली में आईबी विभाग में है। वह विभिन्न जनपदों के अधिकारियों को कॉल कर फर्जी पहचान के आधार पर धमकाने और प्रभाव जमाने का कार्य करता था।
इस मामले में अभियुक्त के विरुद्ध थाना धामपुर, जनपद बिजनौर में मु0अ0सं0 35/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट,
लखनऊ
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
