उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रविवार को बरेली पहुंचे।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रविवार को बरेली पहुंचे। यहां उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी फायरिंग केस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों को उनकी औकात दिखा दी गई है। दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर कर दिए गए, जबकि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि यूपी में अपराध और अराजकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दिशा पाटनी केस में अपराधियों को मिली सजा

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि पुलिस ने फायरिंग करने वालों को उनके किए की सजा दी है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। अपराधियों को या तो जेल जाना होगा या प्रदेश छोड़ना होगा।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला

बरेली दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘कंफ्यूज्ड नेता’ बताते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे क्या करना चाहते हैं और कहां खड़े हैं। यही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि उनकी सरकार में जंगलराज था, माफिया और गुंडे बेलगाम थे। भाजपा सरकार ने कानून का राज कायम किया और अपराधियों को या तो जेल में डाला या प्रदेश से भगाया।

बरेली में नमो युवा रन का आयोजन

रविवार सुबह भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित नमो युवा रन का शुभारंभ डिप्टी सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह पांच किलोमीटर लंबी मैराथन सुबह 6:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई और आईवीआरआई गेट तक जाकर वापस स्टेडियम में समाप्त हुई।

करीब 10 हजार बच्चों ने मैराथन में भाग लिया। विजेताओं को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये नकद पुरस्कार दिए गए। वहीं, तीन प्रतिभागियों को 1000-1000 रुपये प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रतिभाग प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

बेहतरीन व्यवस्थाएं और सुरक्षा

आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रही। बच्चों के लिए नाश्ता, पानी और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का सफल संचालन भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने किया।

सेवा पखवाड़ा पर डिप्टी सीएम का जोर

डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत देशभर में मैराथन और विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिसकी वजह से युवाओं की राजनीति और राष्ट्रनिर्माण में भागीदारी तेजी से बढ़ी है।

बरेली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: