UP News- आपदा में अन्नदाता का सहारा बनी सरकार: 2.51 लाख किसान परिवारों को 285 करोड़ की फसल क्षतिपूर्ति, सीएम योगी ने सौंपे सहायता चेक
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित सहायता राशि वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 2 लाख 51 हजार किसान परिवारों को 285 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाभार्थी किसानों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्राकृतिक आपदा कभी भी आ सकती है और इसका सबसे अधिक असर अन्नदाता किसानों पर पड़ता है। फसल का बीमा करवाने से आपदा की स्थिति में फसल नुकसान होने पर किसानों को आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। यह सहायता राशि किसानों और उनके परिवारों के लिए संकट की घड़ी में बड़ा संबल बनती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहारा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को बीमा योजनाओं से जोड़ना है, ताकि आपदा के समय उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पूर्व की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में आपदा आने पर वर्षों तक पीड़ितों की सुनवाई नहीं होती थी और मुआवजा भी नगण्य होता था। वर्ष 2015-16 में किसानों के खातों में 2 और 4 रुपये जैसी बेहद कम राशि भेजे जाने के उदाहरण सामने आए थे। सरकार बदलने के बाद इस प्रणाली में व्यापक सुधार किया गया। अब आपदा के 24 घंटे के भीतर सहायता राशि देने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसानों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के माध्यम से राज्य सरकार किसानों की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आय सुरक्षा के लिए योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट,
आल राइट्स मैगज़ीन
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई।
