सीलमपुर: भाई ने भाई को मारी 40 गोलियां
Seelampur Double Murder: दिल्ली के सीलमपुर में खूनी रंजिश; बुआ के लड़के ने मामा के बेटों पर बरसाईं 40 गोलियां, दो भाइयों की दर्दनाक मौत
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का सीलमपुर इलाका सोमवार की आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही दो सगे ममेरे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर ने अंधाधुंध करीब 40 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस खूनी वारदात में दो भाइयों—फासिल और नदीम—की जान चली गई है।
आधी रात को ‘डेथ वारंट’ लेकर आया बुआ का लड़का
वारदात सोमवार रात करीब 1:40 बजे की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक (बुआ का लड़का) अपनी मामी के घर पहुंचा और बिना कुछ सोचे-समझे फासिल और नदीम पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर इस कदर सनक में था कि उसने एक-दो नहीं, बल्कि करीब 40 गोलियां चलाईं, जिससे दोनों भाइयों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर ही थम गईं फासिल की सांसें
गोलीबारी इतनी भीषण थी कि फासिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा भाई नदीम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने नदीम को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश बनी कत्ल की वजह?
शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पारिवारिक विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक भाई ने अपने ही भाइयों के खून से हाथ रंग लिए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड में आरोपी के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे और इतनी भारी मात्रा में कारतूस और हथियार उसके पास कहां से आए।
सीलमपुर में भारी पुलिस बल तैनात
दोहरे हत्याकांड के बाद सीलमपुर इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। मौके से पुलिस को दर्जनों खाली कारतूस मिले हैं, जो वारदात की भयावहता को बयां कर रहे हैं।
खबरें और भी:-

