संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ: शेखपुरा में विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नई गति आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रमों के तहत संतृप्ति लक्ष्य पर विशेष जोर

शेखपुरा,
शेखपुरा जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का दीप प्रज्ज्वलन के साथ विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जमुई संसदीय क्षेत्र के सांसद अरुण भारती, शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर कुमार सोनी, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह अभियान नीति आयोग, भारत सरकार और जिला प्रशासन शेखपुरा की संयुक्त पहल के तहत आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित विकास लक्ष्यों की संतृप्ति सुनिश्चित करना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शेखर आनंद ने संपूर्णता अभियान 2.0 की रूपरेखा और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले के प्रमुख विकास संकेतकों में तेजी से सुधार लाना और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचाना है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स को समय-सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि अभियान के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया।

विधायक रणधीर कुमार सोनी ने शेखपुरा जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक टीम की प्रतिबद्धता ही जिले के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संपूर्णता अभियान 2.0 के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं सांसद अरुण भारती ने अपने संबोधन में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के विकासवादी विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हीं आदर्शों को आत्मसात करते हुए शेखपुरा जिले को एक विकसित जिले के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान को जिले के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 जनवरी 2026 को किया गया था। यह अभियान 14 अप्रैल 2026 तक संचालित रहेगा, जिसके दौरान आकांक्षी जिलों और प्रखंडों में विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन, जल-स्वच्छता और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में संतृप्ति लक्ष्यों की प्राप्ति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि शेखपुरा जिले के आकांक्षी प्रखंडों में विकास के प्रत्येक सूचकांक में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान न केवल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का माध्यम बनेगा, बल्कि जनता की सक्रिय सहभागिता के साथ जिले को समग्र विकास के पथ पर अग्रसर करेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशासन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच), सिविल सर्जन, वरीय उपसमाहर्ता सह जिला गोपनीय प्रभारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सह नीति आयोग के नोडल पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उमेश कुमार, बिहार,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: