दिनदहाड़ेRampur- अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा कानून की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय अधिवक्ता अपनी वेशभूषा में थे। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है और पूरे जनपद में शोक की लहर है।
घटना को लेकर रामपुर बार एसोसिएशन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बार एसोसिएशन की ओर से सभी अधिवक्ता साथियों से एकजुट होने की अपील की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
बार एसोसिएशन ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं वकीलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं। ऐसे में सरकार को तत्काल सख्त कदम उठाते हुए विशेष सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए, ताकि अधिवक्ताओं को सुरक्षित कार्य वातावरण मिल सके।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर में कामकाज प्रभावित रहा और अधिवक्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए विरोध दर्ज कराया।
ब्यूरो रिपोर्ट,
आल राइट्स मैगज़ीन

