राष्ट्रपति ने राकेश सिन्हा, सोनल मानसिंह समेत चार सदस्यों को राज्यसभा में मनोनीत किया

राष्ट्रपति ने राज्यसभा में चार जानीमानी हस्तियों को मनोनीत किया है। राज्यसभा के नए चेहरों में किसान नेता राम शकल, लेखक और स्तंभकार राकेश सिन्हा, मूर्तिकार रघुनाथ महापात्रा और क्लासिकल डांसर सोनल मानसिंह का नाम शामिल है।

राम शकल: वह विख्यात जननेता एवं उत्तर प्रदेश के जन प्रतिनिधि हैं जिन्होंने अपना जीवन दलित समुदाय के कल्याण को समर्पित किया है। वह एक किसान नेता हैं तथा तीन बार उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

राकेश सिन्हा: एक प्रतिष्ठित और विख्यात लेखक श्री राकेश सिन्हा दिल्ली स्थित थिंक टैंक -इंडिया पॉलिसी फाउंडेशन‘ के संस्थापक एवं मानद निदेशक हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के मोती लाल नेहरू महाविद्यालय के प्रोफेसर हैं तथा वर्तमान में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के सदस्य भी हैं।

रघुनाथ महापात्र: वह पत्थर पर नक्काशी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय शख्सियत हैं। वह 1959 से इसका अभ्यास कर रहे हैं और 2000 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षित कर चुके हैं। उन्होंने पारंपरिक वास्तु शिल्पों एवं प्राचीन स्मारकों के परिरक्षण में योगदान दिया है।

सोनल मानसिंह: वह भारतीय शास्त्रीय नृत्य के सबसे अग्रणी प्रतिपादकों में से एक हैं। वह छह दशकों से अधिक समय से भरतनाट्यम एवं ओडिशी का प्रदर्शन करती आ रही हैं। वह एक विख्यात नृत्य निर्देशक, शिक्षक, वक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी है।

चारों हस्तियां चार अलग-अलग राज्यों से हैं और ये अपने-अपने क्षेत्र में काफी मशहूर हैं। 2019 के चुनावों को लेकर इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।