दुर्गा क्रिकेट क्लब इंदाय का दमदार प्रदर्शन, टाउन क्रिकेट क्लब को 102 रन से हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत

शेखपुरा: शेखपुरा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित प्रिंस अशोक कुमार मेमोरियल जिला क्रिकेट लीग के पांचवें मुकाबले में दुर्गा क्रिकेट क्लब इंदाय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाउन क्रिकेट क्लब को 102 रनों से पराजित कर लगातार दूसरी जीत अपने नाम की। यह मुकाबला आजाद मैदान, चेबाड़ा में खेला गया।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव गंगा कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गा क्रिकेट क्लब के कप्तान मंजीत यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो टीम के लिए बेहद सफल साबित हुआ। निर्धारित 30 ओवरों में टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर विशाल 367 रन का स्कोर खड़ा किया।

दुर्गा क्लब की ओर से अंशु राज ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार 162 रनों की शतकीय पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी। कप्तान मंजीत यादव ने 67 रन तथा फैजान अली ने 35 रन का योगदान दिया। टाउन क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक और पंकज ने 2-2 विकेट, जबकि सचिन ने 1 विकेट हासिल किया।

368 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्रिकेट क्लब की टीम ने संघर्ष तो किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 265 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विकास पटेल ने 62 रन, तोसी कुमार ने 58 रन तथा पंकज ने नाबाद 60 रन बनाए। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में सफल नहीं हो सके। दुर्गा क्रिकेट क्लब की ओर से नवाज खान ने 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके।

शानदार 162 रनों की पारी खेलने वाले अंशु राज को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी रंजीत यादव द्वारा प्रदान किया गया।

मैच में अंपायर की भूमिका मिथलेश कुमार और रुद्र कुमार ने निभाई। दुर्गा क्रिकेट क्लब की लगातार दूसरी जीत से टीम का मनोबल ऊंचा है और लीग में उसकी स्थिति मजबूत हो गई है।

रिपोर्ट: उमेश कुमार,
बिहार,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

https://www.allrightsmagazine.com/sampoorna-abhiyaan-2-0-will-transform-the-health-landscape-a-special-nutrition-awareness-campaign-for-adolescent-girls-and-mothers-in-sheikhpura/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: