मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन पथों का किया निरीक्षण, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

पटना,
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिले में घोषित विभिन्न निर्माणाधीन पथ परियोजनाओं का मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनों ओर भूमिगत नाले के साथ पथ निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने रूपसपुर नहर रोड के समीप दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी परियोजना का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दीघा-एम्स पाटलि पथ, नेहरू पथ और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन-अशोक राजपथ के बीच संपर्क व्यवस्था को लेकर चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने दीघा गोलंबर के समीप जे.पी. गंगा पथ पर कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया और निर्देश दिया कि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और शहर में आवागमन पहले से अधिक सुगम हो सकेगा।

इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट,सोनू कुमार
बिहार,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: