Bihar News : बिहार में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाई तो खैर नहीं, थानों को दिए गए सख्त निर्देश

बिहार की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.

पटना: बिहार में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है. थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी कोई सूचना मिलते ही तुरंत जांच की जाए. अगर कोई बच्चा 24 घंटे तक लापता रहता है तो केस दर्ज करना अनिवार्य होगा.

दो दिन में पांच मामले, सभी निकले अफवाह

सीआईडी (कमजोर वर्ग) के एडीजी अमित कुमार जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि दो दिनों में बच्चा चोरी के पांच मामले सामने आए. इनमें मुजफ्फरपुर के दो, जबकि जमुई, पूर्णिया और नालंदा के एक-एक मामले शामिल हैं. जांच में ये सभी घटनाएं अफवाह साबित हुईं.

अफवाह से बढ़ता है मॉब लिंचिंग का खतरा

एडीजी ने कहा कि बच्चा चोरी की खबर तेजी से फैलती है. कुछ ही देर में भीड़ जुट जाती है. इससे मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. कई बार निर्दोष लोग भी भीड़ का शिकार हो जाते हैं. उन्होंने अपील की कि ऐसी स्थिति में डायल-112 या नजदीकी थाने को तुरंत सूचना दें. कानून हाथ में न लें.

44 एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एक्टिव

गुमशुदा बच्चों की समस्या से निपटने के लिए राज्य में 44 एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) गठित की गई हैं. इसके अलावा पटना, गया और दरभंगा में भी यूनिट काम कर रही है. पूर्णिया एयरपोर्ट पर नई यूनिट बनाने का प्रस्ताव है. चार महीने तक बच्चा नहीं मिलने पर मामला AHTU को ट्रांसफर कर दिया जाता है.

2025 में 14,699 गुमशुदगी के मामले

एडीजी ने आंकड़े जारी किए. वर्ष 2025 में 14,699 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए. इनमें 12,526 बालिकाएं और 2,173 बालक शामिल हैं. पुलिस ने 7,772 बच्चों को बरामद कर लिया है. 6,927 बच्चे अब भी लापता हैं.

‘वात्सल्य पोर्टल’ से मिलेगी मदद

भारत सरकार के ‘वात्सल्य पोर्टल’ से सभी राज्यों के थाने जुड़े हैं. बिहार से लापता बच्चा यदि दूसरे राज्य में मिलता है तो इसकी सूचना तुरंत मिल जाती है. इसके बाद पुलिस बच्चे को सुरक्षित वापस लाती है. पुलिस ने साफ कहा है कि अफवाह से बचें. सतर्क रहें, लेकिन संयम भी रखें.

रिपोर्ट: सुनील कुमार,पटना(बिहार)

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

बरेली, गुरुवार शाम उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स, बरेली में ‘बड़ा खाना’ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: