Bihar News : बेगूसराय जिला अंतर्गत मंझौल के जय मंगलगढ़ मंदिर परिसर में बाल विवाह रोकथाम व राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित
बिहार की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बेगूसराय: बेगूसराय जिला अंतर्गत मंझौल अनुमंडल स्थित जय मंगलगढ़ मंदिर प्रांगण में रविवार को बाल विवाह की रोकथाम एवं आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले वर्ष की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की टीम ने उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं
शिविर के दौरान डीएलएसए की टीम ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों के लिए दंड का प्रावधान है।
साथ ही यह भी समझाया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के मानसिक, आर्थिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है।

इसके अलावा आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
उपस्थित लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसा प्रभावी मंच है, जहां आपसी सुलह के आधार पर वादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा किया जाता है। इसमें दोनों पक्षों की जीत सुनिश्चित होती है।
लोक अदालत के माध्यम से बैंक ऋण, बिजली से संबंधित मामले, पारिवारिक विवाद, बीमा (इंश्योरेंस) से जुड़े मामले तथा अन्य सुलहनीय वादों का निपटारा किया जाता है।
डीएलएसए की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेकर अपने मामलों का समाधान कराएं।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से पिंकी कुमारी, अरविंद कुमार, शैलेश कुमार, सुजीत कुमार, विवेक सिंह, मुरारी कुमार, मौकेंद्र पासवान, धर्मेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्ट – गौरव भारद्वाज,बेगूसराय(बिहार)
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
Bihar News : शेखपुरा में आंगनबाड़ी के 40 बच्चों को पोशाक वितरण, जीविका दीदी ने किया वितरण
