Bareilly UP : होली पर बरेली परिक्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली: होली पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अजय कुमार साहनी, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए गए हैं।
पर्व के मद्देनज़र बरेली परिक्षेत्र के जनपद बरेली, बदायूं, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर को सुपर जोन, जोन, सेक्टर एवं सब सेक्टरों में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चारों जनपदों में कुल 9568 स्थानों पर होलिका दहन एवं 123 छोटे-बड़े जुलूस निकाले जाएंगे। साथ ही संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ 675 बैठकों का आयोजन कर आपसी समन्वय स्थापित किया गया है। पूरे परिक्षेत्र को 08 सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर एवं 350 सब सेक्टरों में बांटा गया है।
बरेली में 2 से 3 मार्च को निकलने वाली रामबारात शोभायात्रा तथा शाहजहांपुर में बड़े व छोटे लाट साहब के मुख्य जुलूसों के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जुलूस मार्गों पर ड्रोन से निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था एवं पुलिस कर्मियों को बॉडीवार्न कैमरों से लैस किया गया है।
होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कुल 11,444 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी एवं आरएएफ की 14 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल लगाकर उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
