Bareilly UP : भोजीपुरा के पिपरिया गांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भीम आर्मी नेताओं की एंट्री से बढ़ी हलचल
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में एक कथित अवैध मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह मस्जिद आला हजरत के नाम से बनाई गई थी, जिसे प्रशासन ने अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की है।
सुबह-सुबह जिला प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मस्जिद को गिराने का कार्य शुरू कर दिया गया।
करीब 300 वर्गगज में बना निर्माण बताया गया अवैध जानकारी के अनुसार मस्जिद करीब 300 वर्गगज क्षेत्रफल में निर्मित थी। लंबे समय से इसे लेकर विवाद चल रहा था, जिसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंच गया। प्रशासन का कहना है कि निर्माण को अवैध श्रेणी में मानते हुए हटाया जा रहा है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह ध्वस्तीकरण अभियान इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में किया जा रहा है।
अदालत ने सुनवाई के बाद मस्जिद को अवैध निर्माण मानते हुए हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी कर आज बुलडोजर भेजे।
अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश का पालन करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
गांव छावनी में तब्दील, पुलिस और पीएसी तैनात
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पिपरिया गांव को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है।
गांव के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
भीम आर्मी नेताओं की एंट्री, प्रशासन ने लौटाया वापस इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही भीम आर्मी के कुछ नेता और कार्यकर्ता गांव पहुंचने लगे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करने और कार्रवाई पर सवाल उठाने की कोशिश की।
हालांकि पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया। अधिकारियों ने भीम आर्मी नेताओं को समझाकर मौके से हटने के लिए कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हो रही है, इसलिए किसी भी प्रकार के राजनीतिक या संगठनात्मक हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शांतिपूर्ण कार्रवाई जारी ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कराई जा रही है। प्रशासन ने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से हो रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
अवैध निर्माणों पर लगातार सख्ती प्रदेश सरकार के निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश में अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बरेली में भी पहले कई अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। पिपरिया गांव की यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने तक सुरक्षा बल मौके पर तैनात रहेगा और किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
