Bareilly UP : बरेली में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: माफिया कृपाल सिंह समेत कई पर FIR, टीम पर हमले का आरोप

उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.

संयुक्त टीम की छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर जब्त, सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज

बरेली: जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग और राजस्व टीम की संयुक्त छापेमारी में खनन माफिया के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए कई वाहनों को जब्त किया गया है।

इस दौरान मुख्य आरोपी कृपाल सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। टीम पर हमला और धक्का-मुक्की के आरोप भी सामने आए हैं।

खनन अधिकारी मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में 15 मार्च की देर रात बुखारा मोड़ से बभिया गांव जाने वाले मार्ग पर छापेमारी की गई।

निरीक्षण के दौरान करीब 15 से 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन में लिप्त पाए गए। टीम को देखते ही चालक मौके से फरार होने लगे, लेकिन पीछा कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया।

इसी दौरान कुछ लोगों ने सरकारी वाहन रोकने की कोशिश की और पथराव कर टीम के साथ अभद्रता की, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

इसके बाद 16 मार्च की रात एसडीएम सदर के निर्देश पर दोबारा संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान 10 से 15 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते मिले। टीम के पहुंचते ही भगदड़ मच गई और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर पकड़ ली गईं।

आरोप है कि इसी दौरान इको स्पोर्ट कार से पहुंचे कृपाल सिंह और उसके साथियों ने जब्त वाहनों को छुड़ाने की कोशिश की और टीम के साथ धक्का-मुक्की की, जिसमें एक कर्मचारी घायल हो गया।

कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे भी कब्जे में लिया गया। वहीं आरोपी कृपाल सिंह मौके से फरार हो गया। इसके अलावा 2 लोडर और 3 बाइक सवार संदिग्ध लोग भी मौके से भाग निकले। लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें टीम ने कब्जे में लेकर पुलिस चौकी को सौंप दिया।

खनन अधिकारी की तहरीर पर थाना कैंट में भारतीय न्याय संहिता 2023 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संयुक्त टीम में तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विदित कुमार, अभिषेक तिवारी समेत राजस्व विभाग के अधिकारी व लेखपाल मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में जमीन के विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया, बेटे ने ही पिता की हंसिया से हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: