Bareilly UP : खुशखबरी, बरेली से चलेंगी 4 नई वंदे भारत ट्रेनें,
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की संभावना नजर आ रही है। साथ ही, वंदे भारत ट्रेनें चलाने से पहले उसकी मरम्मत के लिए सीबीगंज में ट्रेन शेड डिपो के पास की जगह चिह्नित की गई है। इसे मेगा टर्मिनल डिपो बनाया जाएगा।
इसके अलावा मंडल में एक अन्य ट्रेन शेड डिपो बनेगा, जिसके लिए जगह चिह्नित की जाएगी। रेलवे बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद ट्रेनों के संचालन के साथ मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
ट्रेन शेड डिपो में वंदे भारत की नियमित जांच, साफ-सफाई और तकनीकी मरम्मत का कार्य किया जाएगा। यहां इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और कोचिंग स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी।
अभी बरेली जंक्शन से होकर वंदे भारत ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन यह सभी उत्तर रेलवे की हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल से अभी वंदे भारत ट्रेनों का संचालन नहीं हुआ है।
मंडल के रामनगर, लालकुंआ, टनकपुर और इज्जतनगर से ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव है। रेलवे बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
वंदे भारत ट्रेनों के संचालन के बाद इनकी मरम्मत की भी आवश्यकता होगी। ऐसे में इज्जतनगर मंडल की ओर से दो जगह ट्रेन शेड डिपो बनाने की तैयारी की जा रही है।
सीबीगंज में अभी ट्रेन शेड डिपो बना हुआ है। यहां पर डेमू और मेमू ट्रेनों की मरम्मत की जाती है। इसी के पास में ही लगभग एक लाख वर्ग मीटर जगह चिह्नित की गई है। इसका कवर एरिया 11 हजार वर्ग मीटर होगा। अधिकारियों की ओर से यहां निरीक्षण कर जगह लगभग फाइनल कर दी गई है। इसे मेगा टर्मिनल डिपो बनाया जाएगा।
इसके अलावा टनकपुर, रामनगर और लालकुआं में भी एक जगह ट्रेन शेड डिपो बनाया जाएगा, इसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है। जगह चिह्नित होने के बाद इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड में भेजा जाएगा।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि इज्जतनगर मंडल से वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव है। ऐसे में ट्रेन शेड डिपो भी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए सीबीगंज में जगह चिह्नित कर ली गई है।
जंक्शन पर 26 कोच वाली लाइन बनेगी
रेल बजट में बरेली जंक्शन पर 26 कोच वाली नई वाशिंग लाइन को भी मंजूरी दी गई है। इससे वंदे भारत जैसी ट्रेनों की भी यहां पर साफ-सफाई की जा सकेगी। इसके लिए सभी प्लेटफार्मों की मरम्मत कर इनकी लंबाई भी बढ़ाई जाएगी ताकि ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफार्म तक आ सकें और यात्रियों को परेशानी न हो।
